नीमच। वार्ड क्रमांक 15, 16 एवं 17 को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग ईदगाह रोड पर भूमि पूजन के कई माह बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने से क्षेत्रवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज रहवासियों ने शनिवार को सड़क पर उतरकर मार्ग जाम किया और जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि बड़े-बड़े दावों के साथ भूमि पूजन तो कर दिया गया, लेकिन उसके बाद से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप है। सड़क की हालत बदतर हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढों में कीचड़ और गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे पैदल चलना मुश्किल हो गया है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को आए दिन हादसों का सामना करना पड़ रहा है।

रहवासियों ने बताया कि पूर्व में नगर पालिका का अमला सड़क निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंचा था, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के चलते विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद से पूरा मामला ठंडे बस्ते में चला गया और निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

स्थानीय लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि आगामी 18 फरवरी से मुस्लिम समाज का पवित्र माह रमजान प्रारंभ होने जा रहा है। मस्जिद जाने के लिए यही मुख्य मार्ग है, ऐसे में सड़क की खराब स्थिति से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मार्ग केवल एक समाज नहीं, बल्कि सर्व समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं।

इसके अलावा, इसी मार्ग से जुड़ा शहर का एक बड़ा नाला वर्षों से साफ नहीं हुआ है। गंदगी और जलभराव से संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। पास स्थित एक क्षतिग्रस्त दीवार भी दुर्घटना को न्योता दे रही है, जिससे बड़ी जनहानि की आशंका जताई जा रही है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। अब देखना यह है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देते हैं और वार्डवासियों को राहत कब मिलेगी।
