मंदसौर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीएन) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8 करोड़ रुपए मूल्य की 8 किलो एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात मंदसौर-नीमच रोड पर सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा पर की गई।

सीबीएन को सूचना मिली थी कि मंदसौर से नीमच की ओर जा रही एक यात्री बस में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने एमआर ट्रैवल्स की बस क्रमांक एआर 06 ए 9989 को चौराहे पर रुकवाकर तलाशी ली, जहां से 8 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की गई।

अचानक हुई कार्रवाई से बस में सवार यात्री भी हैरान रह गए। बीच चौराहे पर भारी पुलिस बल और अधिकारियों की मौजूदगी से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बरामद एमडी ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल आधिकारिक पुष्टि से इनकार करते हुए कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी जल्द प्रेस नोट के माध्यम से जारी की जाएगी।

गौरतलब है कि मंदसौर-नीमच क्षेत्र में इससे पहले भी नशीले पदार्थों को लेकर कई बड़ी कार्रवाइयां हो चुकी हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार लगातार कैसे फल-फूल रहा है।
