नीमच। समाज में सादगीपूर्ण विवाह को प्रोत्साहन देने और जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शेख सैयद मुगल पठान जिला कमेटी द्वारा निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार रात रोडवेज बस स्टैंड स्थित हाजी ज़ाहिद खान के कार्यालय पर समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 5 अप्रैल 2026, रविवार को निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 11 जोड़ों का निःशुल्क निकाह कराया जाएगा। यह सम्मेलन आम मुस्लिम समाज के पात्र जोड़ों के लिए रहेगा।
समिति द्वारा नवविवाहित बेटियों को घरेलू उपयोग की आवश्यक सामग्री भी भेंट की जाएगी, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि यह आयोजन समाज में बढ़ते विवाह खर्च पर अंकुश लगाने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक में विभिन्न जिम्मेदारियां तय कर तैयारियां शीघ्र शुरू करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में संरक्षक फिरोज पठान, जिलाध्यक्ष हाजी ज़ाहिद खान, उपाध्यक्ष आज़म खान, सचिव इकबाल पठान, हनीफ पठान, डॉ. महमूद खान, मौलाना नियाज़ निज़ामी, शरीफ खान, तौहीद पठान, शाहिद खान, कय्यूम खान, सलीम खान, सलमान खान, फिरोज खान, शानू खान, रोहित पठान और अज़हर खान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।