चित्तौड़गढ़। थाना कोतवाली पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रावेल्स बस से 2 क्विंटल 33 किलो गीली चंदन की लकड़ियां जब्त की हैं। बस जयपुर जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और धरपकड़ कार्रवाई के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में थाना कोतवाली की टीम, उप निरीक्षक श्यामलाल के नेतृत्व में, एएसआई देवीलाल, हेड कांस्टेबल राधेश्याम, कांस्टेबल संजय, गुलशन और गजेन्द्रसिंह ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की।

सूचना मिली थी कि निम्बाहेड़ा से पिलानी जा रही नीरज ट्रावेल्स बस की डिक्की में अवैध गीली चंदन लकड़ियां रखी गई हैं। कपासन चौराहे पर नाकाबंदी कर बस की तलाशी ली गई, तो पीछे की डिग्गी में छह प्लास्टिक कट्टों में लकड़ियां भरी मिलीं। कुल वजन 233 किलो पाया गया।

बस के चालक और परिचालक ने बताया कि यह पार्सल जयपुर ले जाने के लिए रखा गया था। पुलिस ने ट्रावेल्स बस और लकड़ियों को जब्त कर लिया है। आरोपियों की पहचान और अन्य जानकारी के लिए अनुसंधान जारी है।
