कुकड़ेश्वर। नगर में महाशिवरात्रि का पावन पर्व इस वर्ष भी अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर स्थित श्री सहस्त्र मुकेश्वर महादेव मंदिर में प्रातःकाल से ही भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया। सुबह से ही दूर-दूर से श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचने लगे। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। दिनभर भक्तों की लंबी कतारें दर्शन के लिए लगी रहीं। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर प्रांगण में भव्य मेले का शुभारंभ भी हुआ, जो आगामी 10 दिनों तक चलेगा।
मेले में दूर-दूर से व्यापारी अपनी दुकानें लगाकर पहुंचे हैं, जहां श्रद्धालु धार्मिक सामग्री, खिलौने, मिठाइयां एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं। बच्चों और युवाओं के लिए झूले एवं विभिन्न आकर्षणों की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे मेले का वातावरण और भी उल्लासपूर्ण बन गया है।
नगर पालिका परिषद द्वारा मंदिर परिसर एवं पूरे प्रांगण में आकर्षक लाइटिंग एवं सजावट की विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा एवं स्वच्छता के भी समुचित प्रबंध किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर कुकड़ेश्वर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।