नीमच। आगामी रमजान, होलिका दहन, धुलेंडी, ईद, हनुमान जयंती, महावीर जयंती और मोहर्रम सहित प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्टर कार्यालय नीमच में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने की। इस दौरान एसपी अंकित जायसवाल, एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, एडीएम बीएल कलेश, एसडीएम संजीव साहू, सीएसपी किरण सिंह चौहान सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, जुलूस मार्ग, पेयजल और बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई, अस्थायी दुकानों की व्यवस्था, नशे पर नियंत्रण तथा ध्वनि प्रदूषण जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी जुलूसों पर ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी और शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत मॉनिटरिंग की जाएगी।
बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक सार्वजनिक स्थानों पर डीजे और लाउडस्पीकर के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने का निर्णय लिया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि इस आदेश का सभी नागरिकों को पालन करना होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नीमच की पहचान सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की परंपरा रही है। सभी समुदायों से आपसी सहयोग, अनुशासन और कानून का पालन करते हुए पर्व मनाने की अपील की गई। बैठक का संदेश स्पष्ट रहा कि त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाए जाएं, लेकिन कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा।