चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आमजन की सहभागिता बढ़ाने हेतु एक विशेष पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में निवासरत अपराधियों, अवैध मादक पदार्थ, हथियार अथवा अन्य महत्वपूर्ण आपराधिक गतिविधियों से संबंधित गोपनीय सूचनाएं प्राप्त करने के लिए एक मोबाइल नंबर 94604-25643 जारी किया गया है।
यह मोबाइल नंबर पुलिस अधीक्षक के संरक्षण में संचालित रहेगा। आमजन अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना इस नंबर पर टेक्स्ट या व्हाट्सऐप संदेश के माध्यम से सीधे भेज सकते हैं। प्राप्त सूचनाओं को पूर्णतः गोपनीय रखते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर व पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच समन्वय बढ़ाकर अपराधों की रोकथाम तथा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना है। पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे बिना संकोच इस सुविधा का उपयोग कर समाज को अपराधमुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें।
यह आदेश संबंधित अधिकारियों तथा समस्त थाना प्रभारियों को प्रेषित कर निर्देशित किया गया है कि उक्त मोबाइल नंबर का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें और प्रभावी पुलिस कार्रवाई संभव हो सके।