नीमच। श्री एसआर ग्रुप ऑफ कॉलेज द्वारा विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण “गुजरात डिस्कवरी 2026” का सफल आयोजन किया गया। 16 फरवरी को महाविद्यालय परिसर से प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों का दल गुजरात के लिए रवाना हुआ।
भ्रमण के प्रथम दिवस विद्यार्थियों ने स्वामीनारायण मंदिर पोइचा तथा नर्मदा सेंचुरी का अवलोकन किया। द्वितीय दिवस की शुरुआत विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन से हुई, जहां छात्रों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और योगदान की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके पश्चात स्टेच्यू परिसर स्थित जंगल सफारी में विभिन्न जीव-जंतुओं को देखने का अवसर मिला।
तृतीय दिवस विद्यार्थियों को देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक पावागढ़ काली माता मंदिर के दर्शन कराए गए, जहां भक्ति और उत्साह का वातावरण रहा। मंदिर परिसर में छात्रों ने गरबा और भजन का आनंद भी लिया। इसके बाद दल अहमदाबाद स्थित साइंस सिटी अहमदाबाद पहुंचा, जहां एक्वेटिक गैलरी और रोबोटिक्स गैलरी में आधुनिक विज्ञान और तकनीक की जानकारी प्राप्त की।
अहमदाबाद के व्यंजन और बाजार का भ्रमण करने के बाद छात्र पुनः नीमच लौट आए और इस प्रकार शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय संचालक धर्मेश तिवारी, एडमिन मोहनलाल शर्मा, फार्मेसी कॉलेज प्राचार्या डॉ. चेतना त्रिपाठी, कल्पना जैन, गौरव माली, दीपक नागदा सहित स्टाफ के मार्गदर्शन और सहयोग से सम्पन्न हुआ। संचालक धर्मेश तिवारी ने भविष्य में भी शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण आयोजित करने का आश्वासन देते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ बाहरी जगत से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करना है।