कुकड़ेश्वर। आगामी त्यौहारों के मद्देनज़र कुकड़ेश्वर थाना परिसर में पुलिस प्रशासन एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में होली, रामनवमी एवं रमजान माह के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में थाना प्रभारी भीम सिसोदिया ने सभी नागरिकों से अपील की कि त्योहारों को पारंपरिक उत्साह के साथ-साथ आपसी सद्भाव और कानून व्यवस्था का पालन करते हुए मनाएं। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार नवीन सलोत्रे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमल सिंह परमार, नगर पंचायत अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा, बिजली विभाग से नितिन हुईके सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे ताकि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, बिजली, पेयजल एवं साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से बनी रहें। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में शांति एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया।