नीमच। हिंदवी स्वराज के संस्थापक और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज का 396वाँ जन्मोत्सव गुरुवार को जिले के पूर्ण क्षत्रिय मराठा समाज द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नीमच सिटी के पीपली चौक स्थित शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना और महाआरती से हुई। उपस्थित समाजजनों ने वीर शिवाजी के पराक्रम, सुशासन और राष्ट्र समर्पण को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इसके बाद पीपली चौक से विशाल वाहन रैली निकाली गई। रैली में सैकड़ों वाहन भगवा ध्वजों और शिवाजी महाराज के चित्रों से सुसज्जित थे। “जय भवानीदृजय शिवाजी” के नारों से शहर का वातावरण गूंज उठा। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई एलआईसी चौराहा स्थित मां तुलजा भवानी मंदिर पर पहुंची, जहां विधिवत समापन हुआ। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया गया। भक्ति गीतों पर महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर आयोजन को भक्तिमय स्वरूप दिया।
एलआईसी चौराहा स्थित शिवाजी हॉल में समाज का वार्षिक समारोह आयोजित होगा, जिसमें वरिष्ठजनों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही शिक्षा, अकादमिक और खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।