नीमच। महाराजा दक्ष श्री श्रीयारदे प्रजापति वरदिया समाज द्वारा सामाजिक समरसता, सादगी और सहयोग की भावना के साथ ग्वालटोली स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में गुरुवार को 28वां सामूहिक विवाह सम्मेलन भव्य और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
फुलेरा दूज और रामकृष्ण परमहंस जयंती के पावन अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन में समाज के 11 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह बंधन में बंधे।
पारंपरिक रस्मों से गूंजा मंदिर परिसर
सुबह से ही मंदिर परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। पारंपरिक वेशभूषा में सजे वर-वधुओं का समाजजनों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों और वरिष्ठजनों के सम्मान से हुई, जिसके बाद समधी मिलन और मंच पर वरमाला की रस्म ने माहौल को उल्लास से भर दिया।
गायत्री परिवार ने संपन्न कराए विवाह संस्कार
अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संस्कार कराए। मंत्रोच्चार और मंगल गीतों के बीच सभी जोड़ों ने सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।
नवदंपतियों को गृहस्थी सामग्री भेंट
समारोह के अंत में नवदंपतियों को प्रमाण-पत्र और उपयोगी गृहस्थी सामग्री भेंट की गई। विदाई के समय भावुक माहौल देखने को मिला।
विभिन्न शहरों से पहुंचे समाजजन
नीमच, इंदौर, उज्जैन, महू, जयपुर, जोधपुर और रतनगढ़ सहित कई शहरों से आए परिवारों की उपस्थिति ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया।
समाज पदाधिकारियों ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन आर्थिक रूप से सहयोगी पहल होने के साथ-साथ सामाजिक एकता और परंपराओं के संरक्षण का सशक्त माध्यम है।