नीमच। पुराने विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक, नीमच को लिखित आवेदन सौंपकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।आवेदन के अनुसार फरियादी राजवीर पिता सुरेशचंद गायरी निवासी नीमच सिटी का पूर्व में प्रदीप ग्वाला व उसके साथियों से विवाद हुआ था, जिसकी रिपोर्ट थाना नीमच सिटी में दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि 19 फरवरी को मजदूरी कर घर लौटते समय भगवानपुरा चौराहे पर आरोपियों ने उसे रोक लिया और लोहे की सरियों से मारपीट की। घटना में उसे अंदरूनी चोटें आई हैं।राजवीर गायरी का आरोप है कि मारपीट के दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही यह भी कहा गया कि भविष्य में दिखाई देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि मुख्य आरोपी जिला बदर होने के बावजूद नीमच में रहकर विवाद कर रहा है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि थाने पर सूचना देने के बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।