नीमच। पवित्र माह रमज़ान के दौरान नीमच शहर की मस्जिदों के आसपास सफाई व्यवस्था के दुरूस्त ना होने की वजह से मुस्लिम समाज में असंतोष के स्वर मुखर हो रहे है। समाज जनों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने से मस्जिदों तक पहुंचने वाले मार्गों पर गंदगी और कचरा जमा है, जिससे नमाजियों और रोज़दारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छावनी के वार्ड क्रमांक 19 और बघाना वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि इकबाल कुरैशी और शराफत अली ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रमज़ान में सहरी और इफ्तार के समय मस्जिदों में नमाजियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में स्वच्छता की पुख्ता व्यवस्था प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।पार्षदों ने मस्जिदों के आसपास जमा कचरे को तुरंत हटाने,फॉगिंग और कचरा संग्रहण की स्थायी व्यवस्था आदि सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने सख्त लहजे में नगर पालिका से इन क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाने की बात रखी है ।स्थानीय मुस्लिम समाज ने भी प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए रमज़ान के पवित्र महीने में साफ-सुथरा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की मांग की है। अब देखना है नगर पालिका कितनी गंभीरता से अपने कार्य को अंजाम देती है।