रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में बच्चा चोर गिरोह के शक में एक और मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई है। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे महू-नीमच हाईवे पर स्थित ग्राम झालरापाड़ा की है, जहां कार में सवार कुछ लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।

स्कूल जाते बच्चों के पास रुकी कार से फैली अफवाह-
बताया गया कि सिमलावदा गांव के पास झालरापाड़ा क्षेत्र में दिल्ली नंबर की एक सफेद कार रुकी थी, जिसमें छह लोग सवार थे। उसी दौरान गांव के कुछ बच्चे स्कूल की ओर पैदल जा रहे थे। कार के बच्चों के पास रुकने पर किसी ने बच्चा चोरी की आशंका जताते हुए शोर मचा दिया।

कार सवार भागे, ग्रामीणों ने किया पीछा-
शोर सुनते ही ग्रामीण कार की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आते देख कार सवार वहां से तेजी से भागने लगे। इसी दौरान कुछ बाइक सवार युवकों ने कार का पीछा कर कुछ दूरी पर उसे रोक लिया।

चार लोगों को पकड़कर की पिटाई-
ग्रामीणों ने कार सवार चार लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो लोग मौके से भागने में सफल हो गए। इसके बाद वहां जमा भीड़ ने कार सवारों की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं भी पिटाई करते हुए दिखाई दे रही हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाया-
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद कार सवार संदिग्ध लोगों को भीड़ से बचाकर पुलिस चौकी ले जाया गया।

पुलिस का बयान-सातरुंडा चौकी प्रभारी लोकेंद्र सिंह डाबर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के संदेह में कुछ लोगों को पकड़ रखा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने उन्हें सुरक्षित निकालकर चौकी लाया।

इंदौर निवासी बताए जा रहे कार सवार-
प्रारंभिक पूछताछ में कार सवारों ने स्वयं को इंदौर का निवासी बताया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे सांवरिया सेठ के दर्शन कर वापस इंदौर लौट रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
