नीमच। जिले के सगरग्राम निवासी 23 वर्षीय युवक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने की घटना से सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ऋषिकेश चौहान ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर के बाहर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल जिला अस्पताल नीमच भिजवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

ऋषिकेश द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वह पल्सर बाइक से किसी कार्यालयीन कार्य से नीमच आया था। इसी दौरान राजा यादव नामक युवक एवं उसके साथियों द्वारा उसके साथ लट्ठ से मारपीट किए जाने तथा बाइक में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है। घटना के समय उसकी पत्नी भी मौके पर मौजूद बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच साथ जाने को लेकर कहासुनी हुई थी। पत्नी द्वारा साथ चलने से इनकार किए जाने पर युवक ने आवेश में आकर यह कदम उठा लिया।

फिलहाल युवक का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
