नीमच। शहर के उपनगर बघाना थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मदद के बहाने एक युवक महिला की इलेक्ट्रिक स्कूटी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमारी गुर्जर, पति सोहन सिंह गुर्जर, अपनी टीवीएस आईक्यूब इलेक्ट्रिक स्कूटी (क्रमांक आरजे 09 एक्सएस 2515) से अपने पति को चौकन्ना बालाजी चौराहे पर छोड़ने के बाद घर लौट रही थीं। बघाना रेलवे फाटक क्षेत्र में इन दिनों ब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते सड़क खुदी हुई है और ऊँचा टेपर बना होने से आवागमन में परेशानी हो रही है।

इसी दौरान जब महिला रेलवे फाटक पार करने का प्रयास कर रही थीं, तो खराब रास्ते के कारण उन्होंने वहां से गुजर रहे एक युवक से स्कूटी निकालने में मदद मांगी। युवक ने सहायता का आश्वासन दिया, लेकिन स्कूटी संभालते ही वह उसे लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना अचानक होने से महिला स्तब्ध रह गई। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ने के लिए शोर भी मचाया और मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई उसे रोक नहीं सका। ट्रैफिक पुलिस को भी सूचना दी गई, हालांकि युवक तेजी से स्कूटी लेकर फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि घटना की सूचना डायल 112 पर दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना ने निर्माणाधीन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने रेलवे फाटक और ब्रिज निर्माण स्थल पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
