चित्तौड़गढ़। शहर में अवैध नशा तस्करी के खिलाफ उदयपुर एटीएस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। घटना उदयपुर-पिंडवाड़ा हाईवे पर हुई, जहां आरोपी कार में 6 किलो अवैध गांजा ले जा रहे थे।

सूचना मिलने पर एटीएस ने सुखेर थाना पुलिस के साथ मिलकर हाईवे पर नाकाबंदी की। संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपी युवकों ने कार तेज गति से दौड़ाई और पुलिस से बचने का प्रयास किया। भागने की कोशिश में कार सड़क के डिवाइडर से टकराई, जिससे वाहन वहीं रुक गया। पुलिस ने मौके पर ही वीरेंद्र सिंह (24) पुत्र केसर सिंह चौहान, पंचवटी, चित्तौड़गढ़ और देवराज (23) पुत्र चंद्रशेखर वैष्णव, धनेत कलां को गिरफ्तार किया। तलाशी में कार से 6 किलो गांजा बरामद हुआ और कार को भी जब्त कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों आरोपी स्वरूपगंज (सिरोही) और कोटड़ा, उदयपुर से गांजा लाकर चित्तौड़गढ़ में छोटे पैकेट में बेचते थे। वीरेंद्र सिंह पहले से एनडीपीएस मामले में वांछित था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से यह भी पता लगाया जा रहा है कि उनके नेटवर्क में और कौन शामिल है, गांजा कहां से मंगाया जाता था और शहर में किन जगहों पर सप्लाई होती थी।
