नीमच। शहर के उप नगर नीमच सिटी के यादव मंडी क्षेत्र में अंधविश्वास के नाम पर की गई ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिटी थाना क्षेत्र में कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष गजेंद्र यादव के घर एक अज्ञात महिला ने तंत्र-मंत्र और देवी प्रकोप का भय दिखाकर करीब एक लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए। घटना 9 फरवरी की शाम की बताई जा रही है, जबकि मामले में एफआईआर 20 फरवरी को दर्ज की गई।

पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपी महिला बुजुर्ग का भेष बनाकर झुकी कमर और धीमी चाल से घर पहुंची। उसने गृहिणी सुगना बाई को विश्वास में लेते हुए पति और बेटे पर अनहोनी का साया होने की बात कही और कथित वशीकरण उपाय के नाम पर जेवर अलग रखने को कहा। भय के माहौल में पहले हाथों की अंगूठियां उतरवाई गईं, फिर मंगलसूत्र, झुमके सहित अन्य आभूषण निकलवाए गए। महिला करीब सात तोला सोना और लगभग 150 ग्राम चांदी लेकर “अभी लौटकर आती हूं” कहकर फरार हो गई।

मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में वही कथित बुजुर्ग महिला घर से निकलने के बाद सीधी कमर और तेज कदमों से जाती नजर आई। इससे स्पष्ट हुआ कि बुजुर्ग का रूप केवल ठगी की साजिश का हिस्सा था।

पीड़ित गजेंद्र यादव का कहना है कि पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद 12 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। उनका आरोप है कि घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई थी और फुटेज भी उपलब्ध कराए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और संदिग्ध महिला की पहचान व तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि अंधविश्वास या भय फैलाने वाले अज्ञात व्यक्तियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
