चित्तौड़गढ़। डीएनसी कोटा के अधिकारी नरेश बुंदेल के निर्देशानुसार चित्तौड़गढ़ खंड-2 की टीम ने मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए अरनियामाली-निम्बाहेड़ा रोड पर एक टाटा टियागो कार से 96.680 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया।

गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने संदिग्ध मार्ग पर निगरानी रखी। अरनियामाली गांव के पानी वाले पुल के पास कार को रोका गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों में से एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को मौके पर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान कार से डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसे वाहन सहित एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

इसी क्रम में चित्तौड़गढ़ सेल की टीम ने गुप्त सूचना पर जावद क्षेत्र में एक मकान पर छापा मारकर 5.950 किलोग्राम अफीम बरामद की।

अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध ने पूछताछ से बचने के लिए बेहोशी का नाटक किया और सहयोग नहीं किया। तीनों कार्रवाइयों में कुल करीब 10 किलोग्राम अफीम और 96 किलोग्राम से अधिक डोडाचूरा जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
