प्रतापगढ़। पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अरनोद थाना क्षेत्र से लगभग 6 करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर और उसे मिलाने वाला केमिकल पाउडर जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य फरार है।
पुलिस ने आरोपी नारायण (48) पुत्र गबुर जी मीणा, निवासी फरेडी, अरनोद को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 2 किलो 708.6 ग्राम ब्राउन शुगर और 1 किलो 723.2 ग्राम केमिकल पाउडर बरामद हुआ। परिवहन में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। अरनोद थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के मार्गदर्शन और थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। टीम अरनोद-प्रतापगढ़ रोड पर राधा स्वामी सत्संग आश्रम तिराहे पर नाकाबंदी कर रही थी।
नाकाबंदी के दौरान देवल्दी, अरनोद की तरफ से एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (आरजे 35 एसएन 5551) आती दिखी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम नारायण बताया।
पुलिस ने मोटरसाइकिल पर रखे काले रंग के लेदर बैग की तलाशी ली, जिसमें 6 थैलियों में अवैध ब्राउन शुगर और 4 थैलियों में केमिकल पाउडर मिला। नारायण के पास इन मादक पदार्थों के परिवहन का कोई लाइसेंस या अनुमति पत्र नहीं था।
प्रारंभिक पूछताछ में नारायण ने बताया कि वह यह ब्राउन शुगर और केमिकल पाउडर देवल्दी निवासी उस्मान पुत्र अशरफ मुसलमान से लेकर आया था। उसे प्रतापगढ़ में मंदसौर नाके पर किसी अन्य व्यक्ति को देना था। पुलिस अब फरार आरोपी उस्मान की तलाश कर रही है।