प्रतापगढ़। जिले के ग्राम चनिया खेड़ी स्थित सामुदायिक भवन में आगामी 26 अप्रैल, रविवार को आखा तीज (अक्षय तृतीया) के पावन अवसर पर 101 जोड़ों का भव्य सर्व समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन संजीवनी सेवा संस्थान एवं न्यू जागृति सामाजिक सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में होगा, जिसे क्षेत्र का अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक विवाह सम्मेलन माना जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में सर्व समाज के 101 जोड़ों का विवाह सामाजिक परंपराओं व रीति-रिवाजों के अनुरूप सम्मानजनक तरीके से संपन्न कराया जाएगा। आयोजन पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। वर-वधु से केवल पंजीयन राशि ली जाएगी, जिसे बाद में तीन किश्तों में वापस कर दिया जाएगा।
प्रत्येक जोड़े के साथ वर एवं वधु पक्ष से लगभग 80-80 अतिथियों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा नवविवाहित वधुओं को स्वरोजगार हेतु सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा पात्र परिवारों को लाडली आवास योजना के अंतर्गत भूखंड उपलब्ध कराने की पहल भी की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज में बढ़ते विवाह खर्च को कम करना, सामाजिक एकता को सशक्त करना तथा गरीब व जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक विवाह का अवसर उपलब्ध कराना है।
सम्मेलन के लिए पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक परिवार शीघ्र संपर्क कर पंजीयन करवा सकते हैं, क्योंकि सीमित स्थान उपलब्ध हैं। आयोजन को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है और संस्था कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर लोगों को सम्मेलन से जोड़ रहे हैं।