चित्तौड़गढ़। हिंदू समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता का संदेश देने के उद्देश्य से आगामी 8 मार्च को चित्तौड़गढ़ स्थित इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम में एक विशाल समरसता संगोष्ठी एवं संगत-पंगत का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में होगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री विश्वनाथ टांक ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य सर्व हिंदू समाज को एक मंच पर लाना तथा समाज में व्याप्त ऊंच-नीच और भेदभाव को समाप्त कर एकता और समरसता का संदेश देना है।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदू समाज विभिन्न कारणों से विभाजित हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को “संगत-पंगत” नाम दिया गया है, जिसमें विभिन्न मत-पंथों के लोग पूज्य संतों के साथ संवाद करेंगे और एक साथ भोजन ग्रहण करेंगे।
बजरंग दल के जिला संयोजक मनोज साहू ने बताया कि इस अवसर पर केंद्रीय संगठन सह-महामंत्री विनायक राव देशपांडे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं दुर्गा वाहिनी की क्षेत्रीय संयोजिका लता पांडिया का विशेष उद्बोधन भी होगा।
विभाग संयोजक योगेश दशोरा ने बताया कि संगोष्ठी 8 मार्च को शाम 5रू30 बजे प्रारंभ होगी, जिसमें समाज को विभाजित करने वाली शक्तियों के विरुद्ध एकजुट रहने का संकल्प लिया जाएगा।
विहिप के जिला अध्यक्ष किशन पिछोलिया ने कहा कि जाति, भाषा या किसी भी आधार पर समाज को बांटने का प्रयास करने वाली शक्तियों को हिंदू समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा।
बैठक में प्रांत गो-रक्षा सह-प्रमुख मनोज सोनी, प्रांत प्रचार सह-प्रमुख अनिल चतुर्वेदी, नगर मंत्री अभिनंदन काबरा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विहिप कार्यकर्ताओं ने मेवाड़ की पावन धरा से समस्त हिंदू समाज से अधिक से अधिक संख्या में संगोष्ठी में भाग लेने का आह्वान किया।