नीमच। इनरव्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड द्वारा नीमच के प्राचीन किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में फाग महोत्सव पारंपरिक उल्लास, भक्ति और रंगों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक गरिमा और सामाजिक सौहार्द की सुंदर झलक देखने को मिली।
महोत्सव की शुरुआत भगवान खाटू श्याम एवं राधा-कृष्ण के पूजन-अर्चन से हुई। रिंकू प्रजापति ने भगवान कृष्ण और एकता पंवार ने राधा का स्वरूप धारण कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात क्लब सदस्याओं ने पारंपरिक फाग गीत प्रस्तुत किए और अबीर-गुलाल व पुष्पवर्षा के साथ होली का आनंद लिया।
क्लब अध्यक्ष पूजा गर्ग ने कहा कि फाग महोत्सव प्रेम, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन सामाजिक संबंधों को मजबूत करने के साथ भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को जीवंत रखते हैं।
कार्यक्रम में क्लब की पदाधिकारी एवं सदस्याएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहीं। अंत में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।