नीमच। तिलक मार्ग स्थित प्राचीन श्री बावड़ी वाले बालाजी मंदिर में चार दिवसीय रंगारंग फाग महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को भव्य निशान यात्रा के साथ हुआ। डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज, “जय श्री श्याम” के जयकारों और श्रद्धालुओं के उत्साह से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में रंग गया।
निशान यात्रा की शुरुआत श्री नीलकंठ महादेव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। यात्रा जैतपुरा चौराहा, मनासा रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री सांवरिया सेठ मंदिर रोड, बारादरी, नया बाजार, घंटाघर और सराफा बाजार से गुजरकर पुनः मंदिर परिसर पहुंची। मार्ग में सामाजिक व व्यापारिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
सैकड़ों श्रद्धालु सजे-धजे निशान हाथों में लेकर नृत्य करते हुए बाबा के दरबार पहुंचे और निशान अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में ताली कीर्तन और फाग-श्याम भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
मंदिर के मुख्य पुजारी पं. गोपालकृष्ण शर्मा ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, पालकी यात्रा, 56 भोग महाप्रसादी, आकर्षक विद्युत साज-सज्जा, महाआरती एवं भव्य श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
फाग महोत्सव के आगामी दिनों में मंदिर परिसर भक्ति, रंग और उल्लास के अद्भुत संगम का साक्षी बनेगा।