मंदसौर। जिले में बच्चा चोरी की अफवाहों के बीच बुधवार रात दो घटनाएं सामने आईं, जिनमें मानसिक रूप से अस्वस्थ महिलाओं को बच्चा चोर समझकर लोगों ने घेर लिया और झूमाझटकी जैसी मारपीट की।
लालघाटी रोड मामला-
मंदसौर शहर के लालघाटी रोड क्षेत्र में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को लोगों ने बच्चा चोर होने के शक में घेरा। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रण में लाई। जांच में पता चला कि महिला इंदिरा कॉलोनी की निवासी है।
रावटी गांव मामला-
सीतामऊ थाना क्षेत्र के रावटी गांव में भी इसी तरह की घटना हुई। यहां भटककर आई मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को पकड़कर लोगों ने मारपीट की। यह महिला हुसैन टेकरी जावरा क्षेत्र की बताई जा रही है। बुधवार सुबह बड़ावदी गांव में भी उसी महिला को पकड़कर पीटा गया था।
पुलिस की चेतावनी-
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और संदिग्ध घटना या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून को अपने हाथ में लेने से बचें।