रतलाम। जिले में चोरी और नकबजनी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। विद्युत मोटर चोरी के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग पांच मामलों में चोरी की वारदातें करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सात विद्युत पानी की मोटर और वारदात में प्रयुक्त एक तिपहिया वाहन जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग दो लाख चालीस हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में सोहेल पिता सईद हुसैन, शेर अली पिता इकबाल हुसैन, उदिया पिता भगवान भील और फरियाद पिता नवासा कल्ले बाबु शामिल हैं। वहीं मोनु, बाबू और दिलावर खान नामक तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे भी अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।