मनासा। मनासा पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बालिका को महाराष्ट्र के मुंबई से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया।

मनासा थाना के एएसआई तेजसिंह सिसोदिया ने बताया कि गंगा बावड़ी पड़दा निवासी दीपक पिता हिरालाल कीर नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस संबंध में बालिका के परिजनों द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी 13 फरवरी को बालिका को अपने साथ मुंबई ले गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर मुंबई पहुंचकर बालिका को सकुशल बरामद किया तथा मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को उसके दो साथियों ने सहयोग किया था। इनमें दीपक पिता नरसिंह निवासी पड़दा, मुख्य आरोपी एवं बालिका को पिपल्या मंडी तक छोड़ने गया था। वहीं बबलु पिता रतनकीर निवासी सूरजना बरखेड़ा कला, जो मुंबई में निवास करता है, ने दोनों को अपने यहां ठहराया था। पुलिस ने दोनों सहयोगियों को भी आरोपी बनाते हुए पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

मुख्य आरोपी के विरुद्ध धारा 376 सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
