नीमच। शहर के कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया। गांधी भवन (कांग्रेस कार्यालय) के सामने कुछ युवकों ने स्कूटी सवार युवराज दमानी को घेरकर बुरी तरह पीटा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिस आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, फव्वारा चौक के पान की दुकान पर काम करने वाले युवराज गुरुद्वारे के पास से खाना लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कूटी खराब हो गई। गाड़ी ठीक करवाने के दौरान मैकेनिक और कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ। वापस लौटते समय, कांग्रेस कार्यालय के सामने आरोपियों ने उनकी स्कूटी रोककर मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावर उन्हें जबरन मैकेनिक की दुकान ले गए, जहां करीब 10-12 लोगों ने उनके साथ फिर से मारपीट की। आरोपियों ने उनकी स्कूटी और मोबाइल भी छीन लिए और उन्हें कुछ समय तक बंधक बनाया।

युवराज ने अपने दुकान मालिक को घटना बताई और कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी है। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर सरेआम गुंडागर्दी करने वाले आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
