मंदसौर। जिले के अफजलपुर थाना क्षेत्र के गुर्जरबर्डिया गांव में शुक्रवार देर रात जमीन के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

लंबे समय से चल रहा था जमीन विवाद-
जानकारी के अनुसार सीतामऊ-मंदसौर रोड पर कैलाश गुर्जर की होटल संचालित है। होटल के पास स्थित जमीन को लेकर उनका अपने रिश्तेदारों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। सीमांकन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। घटना वाले दिन दोपहर में भी विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा और पुलिस ने सीमांकन होने तक शांति बनाए रखने की समझाइश दी थी।

देर रात फिर भड़का विवाद-
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर गाली-गलौज और उसके बाद लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया। अचानक हुए संघर्ष से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

पांच लोग घायल, तीन की हालत गंभीर-
पहले पक्ष से कैलाश गुर्जर (40) को हाथ-पैर में चोटें आईं, जबकि उनके भाई सत्यनारायण गुर्जर (37) के सिर में गंभीर चोट लगी। दूसरे पक्ष से समनलाल गुर्जर (45) को सिर, हाथ और कमर में चोटें आईं। कंवरलाल गुर्जर (60) के हाथ-पैर तथा इंदरलाल गुर्जर (30) के सिर में चोट लगी है। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।

दोनों पक्षों ने लगाए एक-दूसरे पर आरोप-
कैलाश गुर्जर ने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष जमीन पर कब्जा करने की नीयत से पहुंचा और मारपीट शुरू की। वहीं समनलाल गुर्जर का कहना है कि वे खेत पर कैमरा लगाने गए थे, तभी दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया।

क्रॉस एफआईआर दर्ज-
अफजलपुर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह कनेश ने बताया कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों में पुराना विवाद है और दोनों आपस में रिश्तेदार हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य है, हालांकि एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी बनाए हुए है।
