चित्तौड़गढ़। 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले विशाल महिला रक्तदान शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आचार्य तुलसी बहुद्देशीय फाउंडेशन की महिला टीम की दूसरी अंतिम बैठक संपन्न हुई। बैठक में शिविर की तैयारियों की समीक्षा के साथ विभिन्न जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया।
इस अवसर पर शिविर के प्रायोजक नरेंद्र चौरड़िया ने महिला कार्यकारिणी की सक्रिय सदस्यों को रक्तसेवा और जनजागरण कार्यों में उनके विशेष योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया।
संस्थापक सुनील ढीलीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जब महिला शक्ति संकल्प लेती है, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन अवश्य होता है। उन्होंने सभी सदस्यों से व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से अधिकतम महिलाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
नगर अध्यक्ष पूर्णिमा मेहता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अब तक हुए पंजीकरण की समीक्षा की गई और लक्ष्य पूर्ति के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। नगर सचिव अनामिका चौहान ने जानकारी दी कि शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा किया जाएगा।
बैठक में उपाध्यक्ष तारा पारीक, दिलकुश खेरोदिया, तारा सहलोत, सपना जैन, नेहा सुराणा, जोति चोपड़ा, श्वेता ढीलीवाल, आशा वेद, राखी गुप्ता, मीनाक्षी लढ्ढा, सुरेखा मेहता, रुचिका सोमाणी, ऊषा कुमावत सहित महिला कार्यकारिणी की सभी सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर महिला सशक्तिकरण के इस सेवा कार्य को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।