नीमच। सराफा बाजार में आज सोमवार को दिनदहाड़े हुई लूट की सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। मंगलम ज्वेलर्स के व्यापारी मनीष सिंघल के मुनीम करीब 60 ग्राम सोना पलटाई के लिए स्वास्तिक बुलियन ले जा रहे थे, तभी रास्ते में बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद मुनीम गली के पास बेहोश हालत में मिले और उनके पास रखा सोना गायब था। व्यापारी मनीष सिंघल तुरंत मौके पर पहुंचे और मुनीम को श्रीराम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से सराफा बाजार में भय का माहौल बन गया है और व्यापारी सुरक्षा को लेकर नाराज हैं। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सराफा व्यापारियों ने जल्द खुलासे और बाजार में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
