सेगांव। फाल्गुन पूर्णिमा की पवित्र रात्रि में नगर सेगांव के तीन प्रमुख स्थानों पर होलिका दहन का आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। भक्तिमय माहौल, मंत्रोच्चार, ढोल-तासों की थिरकन और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच सैकड़ों ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर सभी ने क्षेत्र की समृद्धि, अच्छी फसल और सुख-शांति की कामना की।
सिंगाजी मंदिर और सिद्धेश्वर हनुमान चौक में भव्य दहन
ग्राम पटेल नगर के राकेश पटेल के नेतृत्व में सिंगाजी मंदिर एवं सिद्धेश्वर हनुमान चौक पर होलिका का दहन हर्षाेल्लास के साथ किया गया। ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां पूजा-अर्चना के बाद उपले और लकड़ियों से सजी होली को आग के हवाले किया गया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोग नाचते-गाते होली का आगमन मनाया।
इंदिरा कॉलोनी में मुकेश पटेल का आयोजन
इंदिरा कॉलोनी में मुकेश पटेल द्वारा तीसरा होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां सामूहिक पूजा के बाद भक्तों ने होली को प्रज्ज्वलित कर उत्सव की शुरुआत की। महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।यह परंपरा प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी सेगांव की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनी। होलिका दहन के बाद ग्रामीणों ने एक-दूसरे को होली की बधाई दी और धूलंडी के उत्सव की तैयारियां शुरू कर दीं।