देवास। शहर के सर्राफा बाजार में उस समय सनसनी फैल गई जब एक बंगाली कारीगर कथित रूप से करीब 1 किलोग्राम सोना लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि उक्त सोने की कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है। घटना के बाद से व्यापारियों में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार अफसर पिता असगर अली पिछले करीब 35 वर्षों से देवास में रहकर सोने-चांदी की कारीगरी का कार्य कर रहा था। वह शहर के 15 से 20 सर्राफा व्यापारियों के लिए जेवरात तैयार करता था। सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवेंद्र सोनी ने बताया कि अफसर 1 मार्च 2026 की मध्य रात्रि से अपने परिवार सहित लापता है। उसके और परिजनों के सभी मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है।
बताया जा रहा है कि कारीगर के पास विभिन्न व्यापारियों का करीब 1 किलो सोना कारीगरी के लिए जमा था। आशंका है कि वह उक्त सोना लेकर ही फरार हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन ने कोतवाली थाने में लिखित आवेदन देकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
व्यापारियों ने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और उनका सोना सुरक्षित वापस दिलाने की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों की तलाश की जा रही है।