नीमच। महू-नीमच हाईवे स्थित राजस्थानी होटल में देर रात एक पुलिस आरक्षक द्वारा नशे की हालत में हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरक्षक पर होटल कर्मचारियों से गाली-गलौज करने, एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने तथा मुफ्त में सिगरेट और पानी की बोतल मांगने के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार होटल संचालक चंचल सैनी (31) ने बताया कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 3.50 बजे होटल स्टाफ का फोन आया। स्टाफ ने बताया कि पुलिस आरक्षक जयराम राठौर अपने एक साथी के साथ होटल में विवाद कर रहा है। सूचना मिलते ही संचालक मौके पर पहुंचे। संचालक के मुताबिक आरक्षक जयराम राठौर शराब के नशे में था और होटल कर्मचारियों पर रौब दिखाते हुए मुफ्त में पानी की बोतलें और सिगरेट देने का दबाव बना रहा था। कर्मचारियों द्वारा मना करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और वहां मौजूद लोगों से भी अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि इस दौरान उसने एक व्यक्ति को थप्पड़ भी मार दिया।

स्थिति बिगड़ती देख होटल संचालक ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरक्षक को फटकार लगाते हुए वहां से हटाया। होटल संचालक ने इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर आरोपी आरक्षक के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।
