नीमच। शहर के लेवड़ा रोड स्थित होटल राज पैलेस के पास शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टेशन रोड क्षेत्र में होटल राज पैलेस के पास कालका मंदिर के पीछे कुछ राहगीरों ने एक व्यक्ति को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी हालत संदिग्ध लगी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान उक्त व्यक्ति को मृत पाया गया। मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है, जिससे मामला रहस्यमय बना हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही कैंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी और बघाना थाना प्रभारी राधेश्याम डांगी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के शव को नगर पालिका के शव वाहन से जिला अस्पताल नीमच भिजवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अचानक शव मिलने की इस घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और चर्चा का माहौल बना रहा। वहीं पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
