मुरैना। अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने छापेमारी कर एक घर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस को मौके से करीब 80 पेटी शराब मिली है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
दरअसल मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के महाराजपुर गांव में पुलिस को अवैध शराब रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने गांव में दबिश दी। पुलिस की टीम ने जब नवल सिंह किरार के घर की तलाशी ली तो अंदर बड़ी मात्रा में अवैध शराब का जखीरा मिला।
पुलिस ने मौके से कुल 80 पेटी शराब बरामद की है, जिसमें 58 पेटी देसी प्लेन और 22 पेटी मसाला शराब शामिल है। जब्त की गई शराब की कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया और मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।