चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना जावदा ने ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक खेत से अवैध रूप से उगाए गए गांजा के 55 पौधे जब्त कर खेत मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी तथा वांछित आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह हिंगड़ और वृत्ताधिकारी रावतभाटा शंकरलाल के सुपरविजन में थाना प्रभारी जावदा गोवर्धन सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि जावदा थाना क्षेत्र के मौजा जावदा स्थित खेरिया की माल में एक खेत में अवैध गांजा की खेती की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत से 55 हरे गांजा के पौधे जब्त किए। पुलिस ने खेत मालिक बद्रीचंद (50) पुत्र सोराम माली, निवासी जावदा को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि मादक पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें।
