मंदसौर। भानपुरा थाना क्षेत्र में तेली समाज के पूर्व अध्यक्ष अशोक राठौर उम्र लगभग 60 वर्ष द्वारा अपनी दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस को मौके से मृतक द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें वर्तमान समाज अध्यक्ष मंगल सिंह राठौर और उनके पुत्र जितेंद्र राठौर द्वारा परेशान किए जाने का उल्लेख किया गया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया, जिसमें मृत्यु का कारण फांसी लगाकर आत्महत्या होना पाया गया। इस आधार पर थाना भानपुरा में मंगल सिंह राठौर और जितेंद्र राठौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी आरसी डांगी के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।