कालापीपल। आम नागरिकों के गुम हुए मोबाइल फोन ढूंढने में कालापीपल पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। थाना कालापीपल में पिछले कुछ समय से मोबाइल गुम होने संबंधी कई आवेदन और शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
पुलिस अधीक्षक शाजापुर यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में गुम हुए मोबाइल फोन ढूंढने के लिए विशेष टीम गठित की गई। अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) निमेश देशमुख (शुजालपुर) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनोहर सिंह जगेत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।
गठित टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पिछले चार माह में संचार साथी साइबर पोर्टल की मदद से कार्रवाई करते हुए करीब 3 लाख रुपए कीमत के 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल उनके मालिकों को लौटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे मोबाइल खोने वाले लोगों में खुशी का माहौल है।
इस सराहनीय कार्य में थाना कालापीपल के उप निरीक्षक रवि भंडारी, प्रधान आरक्षक विवेक गोस्वामी, शिवराज पटेल, विशाल पटेल, अमित शर्मा, आरक्षक गोवर्धन, वेदप्रकाश, सुमित पटेल, संजय जावरिया, होकम, रोहित झलावा तथा महिला आरक्षक नीलम परमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।