मंदसौर। शहर में सोमवार को एक युवती पर चाकू से हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार रेवास देवड़ा रोड स्थित धुंधलेश्वर महादेव मंदिर के पास एक युवती पर अज्ञात कारणों के चलते चाकू से हमला कर दिया गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत घायल युवती को जिला चिकित्सालय मंदसौर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हमले में युवती के हाथ और पेट में घाव आए हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी और युवती के बीच किसी प्रकार के विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
