चित्तौड़गढ़। डूंगला थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्यवाही करते हुए सिरोही जिले के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी में दो साल से फरार चल रहे तीन हजार रुपये के ईनामी अपराधी नरेश जाट पुत्र कैलाश जाट, निवासी डूंगला, थाना डूंगला को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन “त्रिनेत्र” के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ के अभियान में यह सफलता मिली। आरोपी वर्ष 2023 से अफीम तस्करी के मामले में फरार था और पहचान छुपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था।

विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के बाद थाना डूंगला पुलिस जाब्ता ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नरेश जाट को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अग्रिम अनुसंधान हेतु पिंडवाड़ा थाना, जिला सिरोही को सौंप दिया गया।

इस कार्यवाही में थानाधिकारी मुकेश कुमार आरपीएस प्रोबेशनर और कांस्टेबल विष्णु कुमार, जयप्रकाश और पवन की विशेष भूमिका रही।

जिला पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें।
