प्रतापगढ़। शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। जानकारी के अनुसार डाकघर के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही डाकघर के अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर कार्यालय खाली कर दिया और आसपास की दुकानों को भी तुरंत खाली कराया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और सीआईडी की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे परिसर को सुरक्षा घेराबंदी में ले लिया। साथ ही प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाल शंभू सिंह झाला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजेश पंड्या भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने डाकघर परिसर और आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमकी भरे ई-मेल की सत्यता तथा स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।