मंदसौर। शहर के समीप मुल्तानपुरा क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते एक युवक पर तलवार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात मुल्तानपुरा निवासी हुसैन पिता नना इंडस्ट्री एरिया स्थित सिलेक्ट पेंसिल फैक्ट्री में काम करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सोहेल टांडिया ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

हुसैन अपनी जान बचाने के लिए वापस फैक्ट्री के अंदर भाग गए। आरोप है कि सोहेल भी उनके पीछे अंदर पहुंच गया और वहां फिर से मारपीट करने लगा। हुसैन के अनुसार सोहेल के पास तलवार थी, जिससे उसने उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि घटना के समय सोहेल के साथ गोलू पिता बनजा मुवासा भी मौजूद था। हमले के बाद घायल हुसैन को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

सहायक उपनिरीक्षक नानूराम वास्कले ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।