देवास। शहर में गुंडागर्दी और अवैध वसूली करने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मधु मिलन चौराहा स्थित गेल गैस सीएनजी पंप पर वसूली और मारपीट करने वाले करीब दर्जनभर बदमाशों को औद्योगिक थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
एक बार फिर ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरे इस मारपीट की घटना के खुलासे में अहम भूमिका निभाते नजर आए। पूरी वारदात कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
घटना में सलिम नामक व्यक्ति ने पंप कर्मचारी से अवैध वसूली की मांग की थी। मना करने पर उसने साथियों को बुलाकर कर्मचारी मनीष के साथ मारपीट कर दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और सीएसपी सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी शशिकांत चोरसिया ने टीम बनाकर दबिश दी। पहले दो आरोपियों को पकड़ा गया, फिर बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।सभी आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर जिले में गुंडागर्दी और अवैध वसूली करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।