मंदसौर। जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन करने का मामला सामने आया है। शराब पीने के बाद युवक ने सल्फॉस की गोली खा ली, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय दीवान सिंह चौहान पिता रामसिंह चौहान निवासी रूगनाथ (थाना सुवासरा) गुरुवार को खेत का गेहूं बेचकर करीब 12 हजार रुपये लेकर घर लौटा था। घर पहुंचने पर उसने 10 हजार रुपये अपनी मां को दिए और कुछ देर बाद घर से निकल गया।

बताया जा रहा है कि दीवान सिंह खेत के पास गया, जहां उसने पहले शराब पी और बाद में सल्फॉस की गोली खा ली। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों को सूचना मिली। परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय मंदसौर रेफर किया गया।

जिला चिकित्सालय के डॉ. बीएस कटारा के अनुसार युवक ने शराब पीने के बाद सल्फॉस का सेवन किया है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर है और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।
