चित्तौड़गढ़। सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी में वांछित अंतरराज्यीय ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज, उदयपुर के गौरव श्रीवास्तव द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु जिले के समस्त अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए।

इस क्रम में एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में, थानाधिकारी सदर निम्बाहेड़ा संजय शर्मा के निर्देश पर एएसआई भूपेंद्रसिंह, राजेन्द्रसिंह, हैड कांस्टेबल पुष्पराजसिंह और कांस्टेबल सुर्यभानसिंह की टीम का गठन किया गया।

टीम को मुखबीर की सूचना मिली कि तीन थानों का एनडीपीएस एक्ट में वांछित आरोपी राजु उर्फ राजेन्द्र, पुत्र कन्हैयालाल लौहार, निवासी ढोरिया, थाना सदर निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ अपने घर पर मौजूद है। टीम ने आरोपी को उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों के अनुसार, यह आरोपी एनडीपीएस कोर्ट नीमच में वर्ष 2022 से फरार था और स्थाई वारंटी होने के कारण पुलिस अधीक्षक जिला नीमच, मध्य प्रदेश ने 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके अलावा, पुलिस थाना पिडंवाड़ा, जिला सिरोही में 2,000 रुपये का इनाम भी घोषित था। यह आरोपी पुलिस थाना नोहर, जिला हनुमानगढ़ में भी वांछित है।

जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो, तो तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें।
