नीमच। मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), मध्यप्रदेश इकाई ने नीमच में सफल कार्रवाई करते हुए 6.510 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

खुफिया सूचना के अनुसार, एक व्यक्ति बिना पंजीकरण नंबर वाली TVS Jupiter स्कूटी पर सवार होकर नीमच क्षेत्र से अवैध अफीम लेकर जयपुर क्षेत्र के मादक पदार्थ तस्कर को आपूर्ति करने जा रहा था। इस सूचना के आधार पर CBN, नीमच तृतीय डिवीज़न के अधिकारियों की टीम ने 11 मार्च की सुबह संदिग्ध मार्ग पर निगरानी शुरू की।

निगरानी के दौरान संदिग्ध स्कूटी और व्यक्ति की पहचान कर नीमच-मंदसौर हाईवे, ग्राम चालदू के पास मक्क्खा ढाबा के समीप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में स्कूटी से चार प्लास्टिक बैगों में कुल 6.510 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।

आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के बाद बरामद अफीम और स्कूटी को जब्त कर आरोपी को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटैंसेस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया। मामले में जांच जारी है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है और “नशा मुक्त भारत” के लक्ष्य को साकार करने हेतु अभियान को निरंतर जारी रखे हुए है।
