नीमच। श्री रानी सती दादी मंदिर ट्रस्ट, बघाना द्वारा आयोजित चतुर्थ रंग-रंगीला फाग महोत्सव शुक्रवार रात श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। बघाना स्थित दादी धाम में आयोजित भजन संध्या में पूरा परिसर भक्तिमय रंगों में रंग गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7.30 बजे दिव्य ज्योत प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। दादी मां का विशेष श्रृंगार कोलकाता और दिल्ली से मंगाए गए फूलों से किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया।
महोत्सव में जयपुर की प्रसिद्ध भजन गायिका उमा लहरी ने भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर सैकड़ों श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। कोलकाता की शिल्पी वर्मा और नानापुरा धाम के गायक कुमार शानू ने भी भजनों की प्रस्तुति दी। आयोजन के दौरान इत्र वर्षा और फूलों की होली खेली गई, जिससे वातावरण सुगंधित और भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने दादी मां को छप्पन भोग अर्पित किया।
मंदिर ट्रस्ट द्वारा विशेष प्रकाश सज्जा और सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी, जिससे बड़ी संख्या में आए भक्तों को दर्शन और बैठने की सुविधा मिली। कार्यक्रम का समापन देर रात महाआरती और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ।