मंदसौर। जिले के सीतामऊ क्षेत्र में रविवार दोपहर एक ऑटो चालक पर हमला करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने ऑटो रुकवाकर चालक के साथ मारपीट की और चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार मुरसलीम शेख निवासी सीतामऊ ऑटो चलाते हैं। रविवार को वह सवारी लेकर लादुना की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में 3-4 बाइक पर सवार कुछ लोगों ने उनका ऑटो रुकवा लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने सिर और पेट पर चाकू से वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और सिर में टांके लगाने पड़े। हमलावरों ने डंडों से भी मारपीट की।

पीड़ित ने रियाज उर्फ सोनू, शाकिर, जुनैद, जाबिर, अल्फेज, गुलाम रसूल उर्फ लड्डू और अयाज उर्फ सोनू सहित अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि घटना में दूसरे पक्ष का एक युवक भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और मामला थाने तक पहुंचा था। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले में सीतामऊ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
