चित्तौड़गढ़। गंगरार थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत संयुक्त कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा रोड पर टोल नाके पर एक कंटेनर से 200 किलो 390 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं, इसी कार्यवाही में एक अन्य कंटेनर भी जब्त किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन के तहत मादक पदार्थों के भंडारण और परिवहन पर विशेष कार्रवाई की जा रही है।

नाकाबंदी के दौरान ओटीपीसी कंपनी के कंटेनर की जांच की गई। कंटेनर चालक अविनाश कुमार (42 वर्ष, निवासी बैरागी टोला, गोपालगंज, बिहार) ने पुलिस चेकिंग के बारे में पीछे चल रहे दूसरे कंटेनर चालक कृष्ण कुमार यादव (अशोक नगर, कासगंज, उत्तर प्रदेश) को फोन किया। कृष्ण कुमार यादव नाकाबंदी स्थल के पास कंटेनर छोड़कर फरार हो गया।

जांच में पाया गया कि कंटेनर में 10 कट्टों में बुरादानुमा रूप में पीसा हुआ 200 किलो 390 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा रखा गया था। दोनों कंटेनरों को जब्त कर आरोपी अविनाश कुमार को मौके पर गिरफ्तार किया गया। फरार आरोपी कृष्ण कुमार यादव की तलाश जारी है, साथ ही डोडाचूरा के स्रोत और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है।

कार्यवाही में शामिल टीम में थाना गंगरार से थानाधिकारी श्यामाराम पुनि, एएसआई शिवलाल, हैड कानिस्टर युवराज सिंह, बाबूलाल, गोविंद और जिला विशेष टीम से हैड कानिस्टर मुश्ताक, कानिस्टर गणपत सिंह, दुर्गेश, छोगालाल, विरेन्द्र शामिल थे।

जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।
